मैजिक पेन से चेक भरवाकर लोगों को ठगा

ग्रेटर नोएडा, नगर संवाददाता: सेक्टर बीटा-2 पुलिस ने जालसाजी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह मैजिक पेन के जरिये लोगों से बीमा पॉलिसी और हेल्थ इंश्योरेंस के नाम पर धोखाधड़ी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से छह आधार कार्ड, चार चेक, एक पहचानपत्र, एक डायरी, दो पेन, सात दस्तावेज की छाया प्रति, तीन मोबाइल फोन और 61 हजार रुपये बरामद किए हैं।

कोतवाली प्रभारी संतोष त्रिपाठी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी जय उर्फ जयवीर सिंह बालाजी एनक्लेव शाहबेरी बिसरख में रह रहा था। वह मूलरूप से गांव कल्याणपुर थाना आहार जिला बुलंदशहर का रहने वाला है। उसके खिलाफ पांच दिन पहले एक व्यक्ति ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस ने छानबीन कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस गिरोह में शामिल अन्य ठगों की तलाश में जुटी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एमबीए पास है। वह हेल्थ इंश्योरेंस और बीमा पॉलिसी रिन्यूअल कराने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करता था। वह लोगों को जाल में फंसा कर उनसे चेक लेता था। चेक भरवाने के लिए वह अपने मैजिक पैन का इस्तेमाल करता था। इसके बाद चेक में भरे अमाउंट को मिटाकर नया अमाउंट भरकर पैसे निकाल लेता था। पुलिस उसके गैंग में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है जिससे काफी घटनाओं का खुलासा हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here