डीएम ने राजकीय पुस्तकालय का किया औचक निरीक्षण: प्रतियोगी छात्रों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश, UPSC सिलेक्शन को लेकर छात्रों से की चर्चा।

रिपोर्टर – शैलेश, रायबरेली :- रायबरेली की जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने गुरुवार दोपहर 2:45 बजे राजकीय पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में पुस्तकों के रखरखाव, स्वच्छता, अध्ययन कक्ष, पेयजल, शौचालय और इंटरनेट सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुस्तकालय को अधिक उपयोगी और छात्र हितैषी बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राजकीय पुस्तकालय ज्ञान और अध्ययन का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने जोर दिया कि यहां आने वाले छात्र-छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुस्तकों के सुव्यवस्थित रखरखाव और उनकी सूची को समय-समय पर अद्यतन करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए नवीनतम पाठ्य सामग्री, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित नई पुस्तकों, संदर्भ ग्रंथों और राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अद्यतन अध्ययन सामग्री की उपलब्धता से विद्यार्थियों की तैयारी अधिक प्रभावी होगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तैयारी कर रहे बच्चों से यूपीएससी पाठ्यक्रम को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था को बेहतर और सुविधाजनक बनाने, स्वच्छ एवं उपयोगी शौचालय, शुद्ध पेयजल तथा निर्बाध इंटरनेट सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पुस्तकालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, उचित प्रकाश व्यवस्था और शांत अध्ययन वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए इसे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक आदर्श अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। निरीक्षण के समय जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here