राहुल गांधी से मिले कमल नाथ, राष्ट्रीय मुद्दों से लेकर मध्‍य प्रदेश कांग्रेस के पुनर्गठन पर हुई चर्चा

भोपाल, मध्य प्रदेश, नगर संवाददाता : पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने सोमवार को दिल्ली में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। करीब एक घंटे चली इस मुलाकात में राष्ट्रीय मुद्दों से लेकर प्रदेश कांग्रेस के पुनर्गठन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके पहले कमल नाथ ने पिछले सप्ताह पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से करीब एक घंटे मुलाकात की थी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की राहुल गांधी से करीब एक घंटे मुलाकात हुई। इस दौरान मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन और प्रदेश संगठन से जुड़े मामलों पर उन्होंने जानकारी दी। प्रदेश इकाई के पुनर्गठन की तैयारी काफी समय से चल रही है। इसको लेकर कमल नाथ सभी वरिष्ठ नेताओं से प्रारंभिक चर्चा भी कर चुके हैं।
वे वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नई टीम बनाना चाहते हैं। वहीं, खंडवा लोकसभा सहित पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव भी प्रस्तावित हैं। खंडवा लोकसभा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने के दावेदारों में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव प्रमुख हैं। उन्हें राहुल गांधी की टीम का हिस्सा माना जाता है पर पिछले दिनों पार्टी द्वारा बुरहानपुर से निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा को तवज्जो दिए जाने से वे खफा थे। उन्होंने दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कमल नाथ से दो बार मुलाकात भी की थी। उन्होंने प्रत्याशी चयन को लेकर सर्वे कराए जाने की जानकारी भी राहुल गांधी को दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here