सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर 75 सौ स्थानों पर एक साथ गाएंगे वंदे मातरम गीत

गुरुग्राम, नगर संवाददाता: नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 23 जनवरी को मनाई जाने वाली जयंती पर इस बार प्रदेश में 75 सौ स्थानों पर एक साथ वंदे मातरम गीत गाया जाएगा। इन सभी स्थानों पर 75-75 लोग एकत्रित होकर आजादी के तराने और वंदे मातरम गीत गाएंगे। इससे पूरे प्रदेश में एक साथ देशभक्ति को जोश जागेगा। ये बात बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने शहर में आयोजित भाजपा आईटी एवं सोशल मीडिया सेल की प्रदेशस्तरीय कार्यशाला में कही। उन्होंने बताया कि इससे पहले 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर स्वराज दिवस मनाया जाएगा। इस दिन प्रदेश के 20 हजार बूथों पर 11-11 कार्यकर्ता कार्यक्रम कर अटल बिहारी वाजपेयी को याद करेंगे। एक ही दिन में दो लाख से अधिक कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भाजपा आईटी एवं सोशल मीडिया सेल की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन बुधवार को सिग्नेचर टावर के पास स्थित भाजपा कार्यालय में हुआ। कार्यशाला में प्रदेश की सोशल मीडिया टीम, सभी 22 जिलों, सभी मोर्चों और सभी मॉडलों के आईटी एवं सोशल मीडिया संयोजकों व सह संयोजकों ने हिस्सा लिया। पार्टी से जुड़े लगभग 500 कार्यकर्ता इस कार्यशाला में शामिल रहे।
कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने सोशल मीडिया टीम को लगभग आधा दर्जन लक्ष्य दिए और दूसरे राज्यों के लिए उदाहरण बनने की बात कही। उन्होंने कहा कि टीम के हर सदस्य के पास तकनीकी ज्ञान और सही शब्दों के चयन की कला होनी चाहिए। उन्होंने अपनी बात में बाकी शेर, हरियाणवी सवा शेर का नारा दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं से हरियाणा की हर अच्छी और सकारात्मक बात को इस नारे के जरिये प्रस्तुत करने की बात कही। कार्यकर्ताओं का प्रोत्साहन बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि हमारी टीम सबसे अच्छी है, लेकिन हमें और भी अच्छा करना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने सबको मिलकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि टीम वर्क से सफलता मिलने की संभावना ज्यादा होती है और काम भी बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि हमारी भाषा किसी वर्ग के खिलाफ नहीं होनी चाहिए और न ही माननीय लोगों के लिए हल्के शब्दों का प्रयोग होना चाहिए। धनखड़ ने भाजपा के संगठनात्मक कार्यों की तारीफ करते हुए विपक्षियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारे संगठनात्मक कार्यों से विरोधी डरने लगे हैं। कार्यशाला में प्रदेश संगठन महामंत्री रविंद्र राजू, केंद्रीय प्रशिक्षण टीम के हेमंत, प्रदेश महामंत्री पवन सैनी, प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, प्रदेश मीडिया प्रमुख संजय शर्मा, आईटी के प्रदेश संयोजक अरुण यादव, विनित जोशी, भाजपा की जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़ आदि शामिल रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here