लोनी, नगर संवाददाता: दिल्ली खजूरी पुश्ता मार्ग स्थित चमन विहार कालोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। लोगों का कहना है कि कालोनी में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से पुश्ता मार्ग के पास जलभराव की स्थित बनी हुई है। वहीं कालोनी का मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। लोगों ने नगर पालिका अधिकारियों से समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
नगर पालिका परिषद की वार्ड नंबर 45 की चमन विहार कालोनी में करीब तीस हजार की आबादी निवास करती है। कालोनी निवासी ब्रहमेश तिवारी का कहना है कि कालोनी में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से घर से निकलने वाला पानी पुश्ता मार्ग किनारे एकत्र होता है, जिसके चलते पिछले एक दशक से कालोनी की कुछ गलियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। गंदगी और जलभराव के चलते कालोनी में मच्छरों का प्रकोप है, जिससे बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। वहीं मुख्य मार्ग जर्जर होने के चलते लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने अधिकारियों से समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता का कहना है कि मामला संज्ञान में है। लोगों को जल भराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए निगम के अधिकारियों के साथ वार्ता चल रही है। वहीं जर्जर मार्ग के निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जा चुके है। जल्द ही लोगों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।


















