मारुति कुंज समिति के सदस्यों के निलंबन के बाद प्रशासक नियुक्त

बादशाहपुर, नगर संवाददाता: कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी के कर्मचारियों की रिहायशी कालोनी मारुति कुंज में बनी सहकारी समिति के छह सदस्यों में से पांच सदस्य निलंबित कर दिए गए हैं। सदस्यों की सदस्यता निलंबित किए जाने के बाद समिति में प्रशासक नियुक्त कर दिए गए हैं। नियुक्त किए गए प्रशासकों ने बृहस्पतिवार को समिति कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। सोसायटी में रहने वाले दो लोगों को प्रशासक लगाया गया है, जबकि सहकारी समितियां के निरीक्षक को भी प्रशासक बोर्ड में शामिल किया गया है।

दि मारुति कर्मचारी सहकारी गृह निर्माण समिति का चुनाव जून 2019 में हुआ था। इसमें सात सदस्य चुने गए थे। एक सदस्य का निधन हो गया। छह सदस्यों में से एक सदस्य को भ्रष्टाचार के आरोप में पहले ही निलंबित किया जा चुका था। सहकारी समितियां के सहायक रजिस्ट्रार रामकुमार ने पांच सदस्यों के निलंबन आदेश जारी कर दिए।

सदस्यों पर आरोप है कि बार-बार आग्रह करने के बाद भी रखरखाव व सुरक्षा के लिए लगी आरके एंटरप्राइजेज नामक कंपनी का पैसा नहीं दिया गया। कंपनी संचालक सुरेश शर्मा ने सहकारी समितियों के अधिकारियों को इसकी शिकायत की। अधिकारियों ने जांच पड़ताल के बाद समिति के पांच सदस्यों को निलंबित कर दिया। समिति के कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार भ्रष्टाचार के आरोप में पहले ही निलंबित हो चुके थे। अब जांच पूरी होने से पहले ही उनके निलंबन आदेश वापस ले लिए गए हैं।

मारुति कुंज समिति के सदस्यों को निलंबित किए जाने के बाद समिति का कामकाज सुचारु रूप से चलाने के लिए प्रशासक नियुक्त किए गए हैं। प्रशासक मंडल में समिति के पूर्व प्रधान रणधीर सिंह व रणवीर सांगवान को नियुक्त किया है। इसके साथ ही सहकारी समितियां के सोहना के निरीक्षक राकेश कुमार को भी लगाया गया है। सहकारी समितियां के सहायक रजिस्ट्रार रामकुमार ने प्रशासक मंडल नियुक्त करने के आदेश जारी किए। आदेश की प्रति समिति कार्यालय में भेज दी गई। सरकार ने जो जिम्मेदारी दी है। उसको पूरी तरह से निभाएंगे। पहले भी समिति में बतौर अध्यक्ष काम करने का लोगों ने अवसर दिया था। उस समय भी बेहतर काम किए थे। समिति के सभी सदस्यों की समस्याओं का समाधान करने के लिए जो भी संभव प्रयास होंगे किए जाएंगे।

रणधीर सिंह, प्रशासक, मारुति कुंज सोसायटी सहकारी समितियों के सहायक रजिस्ट्रार ने मुझे मारुति कुंज सोसायटी में प्रशासक नियुक्त किया है। सहकारी समितियां के सहायक रजिस्ट्रार और उप रजिस्ट्रार के अलावा सोहना के विधायक संजय सिंह ने मुझ पर जो भरोसा जताया है। वह पूरी निष्ठा के साथ काम करके इस भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here