नोएडा, नगर संवाददाता: फेज-2 बस स्टैंड के पास तेज गति से आ रहे ऑटो चालक ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर व्यक्ति को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-87 नया गांव निवासी संतोष कुमार ने बताया कि वह बिहार के सीतामढ़ी स्थित रदौली के रहने वाले हैं। उनके चाचा 45 वर्षीय दिनेश पंडित नया गांव में परिवार के साथ रहते हैं। वह 14 दिसंबर को ऑटो से सेक्टर-37 से गांव की तरफ आ रहे थे। जब वह फेज-2 स्टैंड के सामने ऑटो से उतरे तो पीछे से तेज गति से एक ऑटो आया। ऑटो ने सीधा दिनेश को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here