झुग्गीवासी को भाजपा ने बनाया निगम उम्मीदवार

नई दिल्ली, नगर संवाददाता: दिल्ली में होने वाले निगम उपचुनावों के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने स्थानीय कार्यकर्ताओं पर अपना भरोसा जताया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उम्मीदवारों की जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली के पांच वार्ड में होने वाले उपचुनावों के लिए भाजपा ने रोहिणी से राकेश गोयल, शालीमार बाग उत्तरी से सुरभि जाजू, त्रिलोकपुरी से ओमप्रकाश गुगरवाल, कल्याणपुरी से सियाराम कनौजिया और चैहान बांगर से मो. नजिर अंसारी को उम्मीदवार बनाया है।

निगम उम्मीदवारों के सम्बंध में प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पार्टी ने जमीन से जुड़े हुए कार्यकर्ताओं को उम्मीदवार बनाया है। कल्याणपुरी वार्ड उम्मीदवार सियाराम कनौजिया धोबी समाज से आते हैं और कल्याणपुरी के झुग्गी बस्ती में रहते हैं। पिछले 30 सालों से पार्टी को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। त्रिलोकपुरी वार्ड उम्मीदवार ओम प्रकाश गुगरवाल राजस्थानी बैरवा समाज से आते हैं और पुनर्वास बस्ती में रहते हैं। गुगरवाल त्रिलोकपुरी पूर्वी के मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं। शालीमार बाग उत्तरी वार्ड उम्मीदवार सुरभि जाजू वर्षों से समाज सेवा के काम में लगी हैं और शालीमार गांव में रहती हैं। रोहिणी से उम्मीदवार राकेश गोयल रोहिणी मंडल के अध्यक्ष हैं। मोहम्मद नजिर अंसारी अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तर-पूर्वी के अध्यक्ष रह चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here