कांग्रेस किसान आंदोलन का नेतृत्व नहीं मांगों का कर रही समर्थन: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

गुरुग्राम, नगर संवाददाता: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि कृषि कानून किसानों के हित में नहीं है। किसानों की मांग जायज है। कांग्रेस किसानों के आंदोलन का नेतृत्व नहीं बल्कि किसानों की मांगो का समर्थन कर रही है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा मंगलवार को पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा सुखबीर कटारिया की माता की पुण्यतिथि के मौके पर गुरुग्राम पहुंचे थे। मानेसर लैंड डील मामले के सवाल पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह केवल राजनीतिक द्वेष के चलते किया जा रहा है। भाजपा घोटालों की सरकार है। कांग्रेस सरकार में कोई भी घोटाला नहीं हुआ था। भाजपा जनता और विधायकों का विश्वास खो चुकी है। मुख्यमंत्री असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस विधानसभा सत्र बुलाने के लिए बार-बार राज्यपाल से मांग कर रही है।

किसान आंदोलन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार में शराब घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला, धान खरीद घोटाला जैसे घोटाले हुए हैं। किसान ,मजदूर ,व्यापारी ,कर्मचारी कोई भी वर्ग सरकार से संतुष्ट नहीं है। कांग्रेस की सरकार में किसानों को उनकी फसल के अच्छे भाव मिलते थे। इस सरकार में किसानों की लागत बढ़ गई है और आमदनी घटती जा रही है। सरकार को किसानों से बातचीत कर हल निकालना चाहिए और टकराव से बचना चाहिए।

हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने 2014 के चुनावी घोषणा पत्र में स्वामीनाथ रिपोर्ट लागू करने का वादा किया था, लेकिन इसे लागू नहीं किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा किसानों के समर्थन में इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चैटाला ने विधानसभा के सदस्यता से त्याग पत्र देकर खेल खेला है। इससे भाजपा को ही फायदा होना है। पत्रकारवार्ता के दौरान नूंह के विधायक आफताब अहमद, पूर्व मंत्री राव धर्मपाल सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here