हॉकी इंडिया ने एफआईएच पुरुष विश्व कप 2023 से पहले की ट्रॉफी टूर की घोषणा

भुवनेश्वर, नगर संवाददाता। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 ट्रॉफी की एक झलक प्रशंसकों को दिखाने के उद्देश्य से एक ट्रॉफी टूर की घोषणा की है। टूर के दौरान प्रतिष्ठित विश्व कप ट्रॉफी को देश के विभिन्न हिस्सों में ले जाया जाएगा। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक द्वारा भुवनेश्वर में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की को ट्रॉफी सौंपने के साथ आधिकारिक रूप से टूर की शुरुआत 5 दिसंबर से होगी।
भुवनेश्वर लौटने से पहले प्रतिष्ठित ट्रॉफी 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की यात्रा करेगी। 25 दिसंबर को ओडिशा लौटने से पहले 21 दिवसीय दौरे में ट्रॉफी पश्चिम बंगाल, मणिपुर, असम, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा नई दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में घूमेगी। इसके बाद ट्रॉफी ओडिशा राज्य के दौरे पर जाएगी।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, इस पहल के पीछे का विचार देश भर के हॉकी प्रशंसकों को इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी की झलक देखने का अवसर देना है। भारतीय प्रशंसक हमेशा हॉकी के प्रति जुनूनी रहे हैं और आगामी टूर्नामेंट में अपनी घरेलू टीम को समर्थन देने के लिए उत्सुक होंगे। हमारा मानना है कि इस दौरे से प्रशंसकों को खेल से जुड़े रहने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। अभियान शुरू करने से पहले भारतीय टीम को शुभकामनाएं।
एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला 13 जनवरी, 2022 से शुरू होगा और 29 जनवरी तक चलेगा। मेजबान भारत, जिन्हें स्पेन, इंग्लैंड और वेल्स के साथ पूल डी में रखा गया है, स्पेन के खिलाफ अपने अभियान की 13 जनवरी को करेगा। ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, नीदरलैंड, भारत, अर्जेंटीना, जर्मनी, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, फ्रांस, कोरिया, मलेशिया, स्पेन, दक्षिण अफ्रीका, जापान, चिली और वेल्स 16 टीमें हैं, जो टूर्नामेंट में भाग लेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here