नाइजीरियाई नागरिक की संदिग्ध हालत में मौत के बाद तोड़फोड़, सड़क जाम

नई दिल्ली, नगर संवाददाता: तिलक नगर इलाके में नाइजीरियाई मूल के एक नागरिक की रविवार तड़के संदिग्ध हालात में मौत होने के बाद उसके साथियों ने इलाके में जमकर तोड़फोड़ की और आउटर रिंग रोड को जाम कर दिया। मृतक 43 वर्षीय लियोहेंड लियानी के साथियों का आरोप है कि पुलिस के पिटाई के कारण उसकी मौत हुई है। विदेशी नागरिक से जुड़ा मामला होने के चलते तत्काल जिला पुलिस के आलाअधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाना शुरू किया। हालांकि, देर शाम तक नागरिक सड़क पर जमे हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने नाइजीरियाई दूतावास को मामले की सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों को कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रशांत प्रिय गौतम ने बताया कि लियोहेंड लियानी तिलक नगर के कृष्णापुरी इलाके में किराए के मकान में रहते थे। रविवार तड़के लियोहेंड के साथी बेसुध हालत में उन्हें लेकर दीन दयाल अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने लियोहेंड को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद लियोहेंड के साथियों ने यहां रहने वाले अपने देश के नागरिकों को मामले की सूचना दी। कुछ ही देर में अफ्रीकी मूल के नागरिक बड़ी संख्या में कृष्णापुरी इलाके में जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने रिंग रोड के साथ ही इलाके की कई गलियों को बंद कर दिया।

आक्रोशित अफ्रीकी नागरिकों ने गलियों में खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। उन्होंने बसों को रोककर उनमें भी तोड़फोड़ की कोशिश की। इलाके में तनाव बढ़ता देख मौके पर जिला से अतिरिक्त सुरक्षा बलों को बुलाकर तैनात किया गया। सूचना पर जिला पुलिस उपायुक्त उर्विजा गोयल टीम के साथ खुद मौके पर पहुंचीं। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने तत्काल लियोहेंड लियानी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी के साथ नाइजीरियाई दूतावास के अधिकारियों को भी मामले की सूचना दी गई।

रविवार देर शाम खबर लिखे जाने तक नाइजीरियाई नागरिकों का हंगामा जारी था। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच रुक-रुककर बातचीत भी होती रही लेकिन गतिरोध बरकरार रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाइजीरियाई मूल के लोगों ने पत्थरबाजी भी की थी। देर शाम तक पुलिस इलाके में तैनात थी और प्रदर्शन जारी था।

प्रदर्शनकारी नाइजीरियाई नागरिकों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उनके साथ अक्सर बदतमीजी से पेश आते हैं। शनिवार देर रात जब कुछ नाइजीरियाई नागरिक सड़क से गुजर रहे थे तब उन्हें बेवजह रोककर पुलिस ने पूछताछ की और फिर उनकी पिटाई की। पुलिसकर्मियों ने पहले थप्पड़ मारा और विरोध करने पर डंडे से सिर पर वार कर दिया। इसी चोट की वजह से लियोहेंड की जान गई है। लियोहेंड के साथियों ने पुलिसकर्मियों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने विदेशी नागरिकों के आरोप से इंकार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला कि लियोहेंड लियानी देर रात तीन साथियों के साथ संदिग्ध हालात में घूम रहे थे। पुलिस स्टाफ ने उन्हें देखकर रुकने का इशारा किया तो तीनों भागने लगे। इसी दौरान लियोहेंड लियानी एक ऑटो में चढ़ गए। कुछ दूरी लियोहेंड ऑटो से उतरे और पैदल चलने लगे। इसी दौरान वह एक दुकान के बाहर रुके लेकिन वहीं बेसुध हो गए। दुकान के बाहर से लियोहेंड के साथी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दावा किया है कि लियोहेंड के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल पाएगा, जिसके बाद मामले में केस दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here