दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल पर हमला करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

नई दिल्ली, नगर संवाददाता: दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल पर कथित रूप से हमला करने वाले 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। व्यक्ति पर एक महिला का उत्पीड़न करने का आरोप है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली में संगम विहार निवासी शिवराम पर एक महिला को अपशब्द कहने, छेड़छाड़ करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप है।

पुलिस ने बताया कि महिला ने के एम पुर पुलिस थाना में शनिवार को व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी। उसने आरोप लगाया था कि व्यक्ति ने उसे अपशब्द कहे, उससे छेड़छाड़ की और दुर्व्यवहार किया।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने महिला को उससे मिलने के लिए दबाव डाला था और जान से मारने की धमकी भी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सब इंस्पेक्टर कोमल एवं संदीप यादव और कांस्टेबल नेहरू आईएनए सर्किल के पास उस जगह पहुंचे जहां आरोपी ने महिला को मिलने के लिए बुलाया था।

उन्होंने बताया कि जब शिवराम ने वहां पुलिस की टीम देखी तो वह भागने लगा और एक नाले में कूद गया। कांस्टेबल नेहरू ने उसका पीछा किया तो शिवराम ने ईंट से उनके सिर पर वार किया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया और नेहरू तथा आरोपी को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शिवराम के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान यह पता चला कि आरोपी शिवराम नागरिक सुरक्षा विभाग में काम करता है। वह महिला का पीछा किया करता था। उसने शिकायतकर्ता को अपशब्द और भद्दी बातें कहीं तथा उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस की टीम जब आरोपी को पकड़ने पहुंची तो उसने कांस्टेबल नेहरू के सिर पर ईंट से वार किया।’’

ठाकुर ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here