ठेकेदार अजय के विकास कार्यों की जांच होगी

गाजियाबाद, नगर संवाददाता: मुरादनगर श्मशान घाट का निर्माण करने वाले ठेकेदार अजय त्यागी पर नगर निगम ने भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निगम में उसकी तीन फर्म पंजीकृत हैं। पिछले पांच साल के दौरान उसकी फर्म ने जितने भी निर्माण कार्य कराए हैं उनकी जांच होगी। महापौर का कहना है कि गड़बड़ी मिलने पर तीनों फर्म को काली सूची में डाला जाएगा।
अजय त्यागी नगर निगम में पिछले कई साल से ठेकेदारी कर रहा है। उसकी तीन फर्म मैसर्स अजय त्यागी कंसट्रक्शन, माही कंसट्रक्शन एवं बिल्डर्स और कृष्णा एसोसिएट्स निगम में काम करती हैं। महापौर आशा शर्मा ने बताया कि अजय त्यागी के तीनों फर्म ने पिछले पांच साल के दौरान जितने भी कार्य कराए हैं उन सभी की जांच होगी। इसके लिए नगर आयुक्त को पत्र लिखा है। महापौर ने नगर आयुक्त से उक्त फर्म द्वारा किए गए कार्यों की सूची, निविदा विवरण और जारी कार्य आदेश की छाया प्रति मांगी है। उन्होंने बताया कि जांच कार्य के दौरान गड़बड़ी पाए जाने पर तीनों फर्म को काली सूची में डाला जाएगा। बता दें कि अजय त्यागी वार्ड-73, मोरटा और शिकरोड़ में नाला निर्माण करा रहा था। शिकरोड में नाला निर्माण डिजाइन के हिसाब से नहीं बनाया। इस नाले पर 1.86 लाख रुपये खर्च किए गए। नाले की जांच चल रही है। इसी तरह कई अन्य काम में भी लापरवाही बरती जाने की बात कही जा रही है। वह अभी कई बड़े काम निगम में लेने के लिए प्रयासरत था। निगम के कुछ अधिकारी और नेताओं से नजदीकी होने का वह फायदा उठाता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here