बिहार के लोगों पर केजरीवाल का बेतुका बयान, 500 का टिकट लेकर आते हैं और 5 लाख का इलाज करवाते हैं

नई दिल्ली/नगर संवाददाता : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बिहार के लोगों पर दिए बयान से बवाल मच गया है। केजरीवाल ने कहा था कि बिहार से लोग 500 रुपए का टिकट लेकर दिल्ली आते हैं और 5 लाख रुपए का इलाज करवाकर वापस चले जाते हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा होने से उनको खुशी मिलती है क्योंकि वे हमारे ही देश के लोग हैंए लेकिन दिल्ली की अपनी क्षमता है, दिल्ली कैसे पूरे देश की सेवा कर सकती है। अरविंद केजरीवाल ने यह बयान रविवार को दिया है। केजरीवाल के इस बयान के बाद बवाल मच गया है।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दूसरे राज्यों के लोगों के प्रति अरविंद केजरीवाल का घृणा का भाव निकलकर सामने आया है। तिवारी ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और यहां बहुत बड़े-बड़े अस्पताल हैं और 5 लाख रुपए के इलाज की व्यवस्था मोदी सरकार ने दी हुई है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों के लोग सिर्फ दिल्ली ही नहीं मुंबई और बेंगलुरु में भी इलाज कराते हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल उनके साथ व्यक्तिगत शत्रुता निकाल रहे हैं और दिल्ली की जनता उनको इसका जवाब देगी।

दिया सर्वे का हवाला: अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में एक बॉर्डर के अस्पताल का सर्वे कराया था और पाया कि वहां पर 80 प्रतिशत मरीज बाहर के राज्यों के मिले। मुख्यमंत्री केजरीवाल के इस बयान को लेकर उनके ऊपर निशाना साधा जा रहा है।

हालांकि खुद अरविंद केजरीवाल जब दिल्ली के मुख्यमंत्री बने थे तो उन्हें भी अपना इलाज कराने के लिए दिल्ली से बाहर जाना पड़ा था, उन्‍होंने बेंगलुरु जाकर अपना इलाज करवाया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here