पौड़ी में प्रेमी युगल ने खाया जहर, लड़की की मौत

पौड़ीगढ़वाल, उत्तराखंड/नगर संवाददाताः विकासखंड थलीसैंण के चोपड़ाकोट पट्टी में प्रेमी युगल ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। इसमें लड़की की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि लड़के को श्रीनगर रेफर कर दिया है। दोनों प्रेमी युगल आस-पास के गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। चोपड़ाकोट पट्टी के राजस्व उप निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि लड़की पूजा क्षेत्र के रौली गांव की रहने वाली थी, जबकि लड़का संजय सुंदर गांव का रहने वाला है। मामला प्रेम प्रसंग से जोड़ा जा रहा है। राजस्व उपनिरीक्षक के मुताबिक लड़का देहरादून में रहता है तथा इन दिनों अपने गांव आया था। बताया कि घटना के वक्त दोनों रौली गांव में लड़की के घर में विषाक्त पदार्थ खाए हुए मिले। स्थानीय लोगों की मदद से 108 से दोनों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र थलीसैंण लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने दोनों को ही रात्रि को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी भेज दिया। यहां उपचार के दौरान लड़की ने दम तोड़ दिया, जबकि लड़के की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने श्रीनगर रैफर कर दिया गया है। थलीसैंण के तहसीलदार डीडी कापड़ी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का लग रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here