दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके, भूकंप की तीव्रता 5 मापी गई

नई दिल्ली/नगर संवाददाताः दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की सुबह 4.27 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5 थी। हरियाणा के रोहतक में भूकंप का केंद्र था। इसके बाद रोहतक में एक बार फिर सुबह 8 बजे के करीब भूकंप के झटके महसूस किए गए लेकिन इस बार इसकी तीव्रता पहले कम 3.2 रही। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। शुक्रवार को तड़के जब दिल्ली और इससे सटे इलाकों में लोग गहरी नींद में डूबे हुए थे तब अचानक लगे झटकों ने उन्हें चौंका दिया। राजधानी से सटे हरियाणा के रोहतक जिले में आए भूकंप ने आसपास के इलाकों को हिला दिया। बताया जाता है कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5 थी और इसका केंद्र रोहतक जिले के खरखोदा नामक स्थान पर 22 किलोमीटर गहराई में था। अब तक प्राप्त जानकारी के मुताबिक यूपी के शामली, हरियाणा के जींद और रोहतक में भूकंप के तेज झटके महसूस किए जाने की खबर है। फिलहाल इस भूकंप से किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। भूकंप के झटके लगने पर जागे लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। रोहतक में जब अलसुबह अचानक पंखे, खिड़की-दरवाजे हिलने लगे तो लोग घबरा गए। वे घरों से बाहर निकल आए। कुछ लोगों ने तुरंत सोशल मीडिया पर इस भूकंप के बारे में पुष्टि करनी चाही तो कुछ ने अपने अनुभव साझा किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here