बीसीसीआई ने इन 5 खिलाड़ियों को खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार देने की सिफारिश की

नई दिल्ली, नगर संवाददाता: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न के लिए 2 और अर्जुन पुरस्कार के लिए तीन खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की। बीसीसीआई ने जिन खिलाड़ियों के नाम खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड के लिए प्रस्तावित किए हैं, उनमें एक महिला खिलाड़ी भी शामिल है, जबकि चार पुरष भारतीय खिलाड़ियों को भी इसमें शामिल किया गया है। हाल ही में केंद्रीय खेल मंत्रालय ने नए खेल पुरस्कारों के लिए नाम मांगे थे।
बीसीसीआई ने खेल रत्न के लिए भारतीय महिला टीम की कप्तान और महान महिला खिलाड़ी मिताली राज और भारतीय पुरुष टेस्ट टीम के दिग्गज स्पिनर आर अश्विन को चुना है, जबकि अर्जुन अवॉर्ड के लिए हाल ही में श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया के कप्तान नियुक्त किए गए शिखर धवन, ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के नाम को भेजा है। हालांकि, ये नाम प्रस्तावित हैं और क्या ये खिलाड़ी इन पुरस्कारों के योग्य है, इसका फैसला खेल पुरस्कारों की कमेटी को करना है।

बीसीसीआई के अधिकारी ने बुधवार बताया, ‘अर्जुन पुरस्कार के लिए किसी महिला क्रिकेटर को नामित नहीं किया गया है। खेल रत्न के लिए मिताली के नाम की सिफारिश की गई है। यह देखना होगा कि खेल मंत्रालय द्वारा नियुक्त पैनल ओलिंपिक वर्ष में मिताली को पुरस्कार के लिए चुनता है या नहीं। मिताली ने पिछले हफ्ते अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 22 साल पूरे किए। यह 38 वर्षीय खिलाड़ी सात हजार से अधिक रन के साथ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे सफल बल्लेबाज हैं।
मिताली की तरह ही अर्जुन पुरस्कार हासिल कर चुके अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 79 टेस्ट में 413 विकेट चटकाने के अलावा एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी क्रमशः 150 और 42 विकेट चटकाए। वह हालांकि अब छोटे प्रारूप में भारत के लिए नहीं खेलते। वहीं धवन श्रीलंका में सीमित ओवरों की आगामी श्रृंखलाओं में भारत की कप्तानी करेंगे और वह अर्जुन पुरस्कार के प्रबल दावेदार हैं। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने 142 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 5977 रन बनाने के अलावा टेस्ट क्रिकेट और टी20 मैचों में भारत के लिए क्रमशः 2315 और 1673 रन बनाए।

खेल पुरस्कारों के लिए क्रिकेटरों की लिस्ट
खेल रत्न – मिताली राज और आर अश्विन

अर्जुन अवॉर्ड – शिखर धवन, केएल राहुल और जसप्रीत बुमराह

अभी खेल संघ अपने खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश करेंगे और 29 नवंबर को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के मौके पर इन खेल पुरस्कारों को दिया जाता है। हालांकि, इससे पहले एक लंबी प्रक्रिया इन पुरस्कारों के लिए चलती है। यही कारण है कि जून के आखिर में ही नामों की सिफारिश की जा रही है।
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कारों की बात करें तो ये सिर्फ अभी तक चार ही क्रिकेटरों को मिला है। इनमें सचिन तेंदुलकर, एमएस धौनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा का नाम शामिल है। तेंदुलकर को साल 1998, धौनी को साल 2007, विराट को 2018 और रोहित को पिछले साल 2020 में खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। अगर मिताली राज को इस साल ये सम्मान मिलता है तो वे खेल रत्न पाने वाली देश की पहली महिला क्रिकेटर बन जाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here