पर्स नहीं छोड़ने पर महिला को घसीटा

नई दिल्ली, नगर संवाददाता: शाहदरा के जगतपुरी में शुक्रवार रात पर्स लूट रहे बदमाशों ने एक महिला को चार-पांच मीटर तक घसीट दिया। महिला अपना पर्स नहीं छोड़ रही थी। इस दौरान महिला के हाथ-पैर में चोंटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर ही एक बदमाश को धर दबोचा, जिससे महिला का पर्स बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी 24 वर्षीय जफर बृजपुरी का रहने वाला है।

40 वर्षीय दीप कौर परिवार के साथ त्रिलोकपुरी के ब्लॉक नंबर-32 में रहती हैं। वह गगन विहार स्थित आरजी स्टोन अस्पताल में आया का काम करती हैं। शुक्रवार रात आठ बजे दीप अपनी सहेली रीता के साथ घर लौट रही थीं। कड़कड़ी मोड़ पुल के पास पीछे से स्कूटी सवार दो बदमाश आए जिनमें से एक दीप से पर्स छीनने लगा। विरोध करने पर बदमाश ने धक्का देकर गिरा दिया और पर्स नहीं छोड़ने पर चार-पांच मीटर तक घसीटता रहा। इससे दीप कौर के हाथ-पैर में चोंटें आईं और हाथ से पर्स छूट गया। बदमाश पर्स लूटकर भागने लगे। लेकिन, दीप तुरंत उठकर शोर मचाने लगीं। इस दौरान थोड़ी दूरी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बदमाशों का पीछा किया और एक बदमाश जफर को पकड़ लिया। पुलिस दीप कौर को नजदीक के डॉ. हेडगवार अस्पताल लेकर गई, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here