घने कोहरे और शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन

नई दिल्ली, नगर संवाददाता: दो दिन घने कोहरे से परेशान रहे लोगों को रविवार को शीतलहर ने सताया। सुबह व शाम को हल्का कोहरा रहा, पर दिन भर मौसम साफ रहा। राहत की बात यह रही कि छुट्टी का दिन था, इसलिए आम लोगों ने घर पर रहना मुनासिब समझा। सड़कों पर वाहन आम दिनों से कम दिखाई दिए। वही लोग बाहर निकले, जिन्हें जरूरी काम था। मौसम विभाग के अनुसार औद्योगिक जिले का दिन का अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज हुआ।

उल्लेखनीय है कि 10 दिन पूर्व हुई बारिश के बाद से जिले में कोहरे ने दस्तक दे दी थी। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता था, लेकिन दोपहर के समय मौसम साफ हो जाता था। रविवार को हल्का कोहरा छाया रहा और आसमान में बादल थे। इसके चलते कुछ समय के लिए सूरज के दर्शन हुए, लेकिन शीत लहर की वजह से सूरज की किरणों की गर्मी का एहसास नहीं हो रहा था। शीत लहर ने जनमानस को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। पूरे दिन हाथ-पैरों में गलन का एहसास हो रहा था।

बाहर का नजारा देख लोग सुबह देर तक रविवार का दिन होने से लोगों ने रजाई में ही घुसे रहना मुनासिब समझा। दोपहर होते होत कोहरा जरूर छटा, लेकिन शीतलहर ने लोगों की हालत खराब कर दी। धूप निकली पर उसमें वह असर नहीं रहा कि सर्दी से राहत दिला सके। रविवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं हवा की गति 10 किमी प्रति घंटा उत्तर पूर्वी दिशा रही।

शीतलहर का असर कम नहीं हुआ और सर्दी व गलन से लोग परेशान हो गए। शाम होते होते गलन ने अपना असर और दिखाना शुरू कर दिया। बाजार सर्दी को देखते हुए जल्दी बंद हो गए और लोगों ने घर का रुख करना ज्यादा बेहतर समझा। रात तक शीतलहर ने अपना प्रकोप दिखाया। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय सुनील ने बताया कि अभी मौसम इसी तरह रहने के आसार हैं। आसमान साफ रहेगा, लेकिन सर्दी इसी तरह रहेगी। तमिलनाडु में बारिश होने से मौसम में परिवर्तन हुआ है। सर्दी बढ़ गई है। लगातार पारा गिरता ही जा रहा है।

इस मौसम में बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान देना चाहिए। बच्चों में वायरल इन्फैक्शन खतरा रहता है। उन्हें गर्म कपड़े पहनाने चाहिए। बुजुर्गों में हड्डियों में दर्द की समस्या बढ़ जाती है। बुजुर्गों को खुद को ठंड से बचाना चाहिए। कमरों में हीटर का प्रयोग सावधानी पूर्वक करें। सुपाच्य व हल्का भोजन लें, क्योंकि इन दिनों भोजन को पचाने के लिए जरूरी सैर बंद हो जाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here