डिवाइडर से टकरा ट्रक पलटा, आग लगने से ड्राइवर झुलसा

नई दिल्ली, नगर संवाददाता: जहांगीरपुरी इलाके में रविवार रात टायर फटने से तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। इसके बाद ट्रक में आग लग गई। घटना में ट्रक चालक सिकंदरा आगरा निवासी बलराम बुरी तरह झुलस गया। उसका सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, बलराम सोनीपत से ट्रक में गिट्टी लेकर कश्मीरी गेट की तरफ जा रहा था। जहांगीरपुरी बस स्टैंड के पास ट्रक का टायर फट गया। इस वजह से चालक ट्रक से संतुलन खो बैठा और डिवाइडर से टकराकर वाहन पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पलटते ही ट्रक में आग लग गई जिसकी चपेट में बलराम भी आ गया। राहगीरों की मदद से चालक को किसी तरह ट्रक से निकाल कर बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर के अनुसार बलराम करीब 70 फीसदी झुलस गया है।

वहीं, आग लगने के कारण रिंग रोड पर वाहनो की कतारें लग गईं। दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया और ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को सुचारु तौर पर जारी रखने के प्रबंध किए। दुर्घटनाग्रस्त वाहन और सड़क पर फैली गिट्टी को हटाने के बाद यातायात सामान्य हो पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here