सूरत/नगर संवाददाता : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शुक्रवार को एक ऐसा कारनामा कर डाला, जिसने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया है। हरमनप्रीत 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली भारत की पहली क्रिकेटर बन गई हैं।
30 वर्षीय हरमनप्रीत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छठे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की। वह महिला और पुरुष दोनों वर्गों में यह मुकाम हासिल करने वाली पहली भारतीय हैं। हरमनप्रीत के बाद महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा का नंबर आता है जिनके नाम पर समान रूप से 98 टी20 मैच दर्ज हैं।
अगर महिला क्रिकेटरों की बात करें तो हरमनप्रीत 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाली दुनिया की 10वीं क्रिकेटर हैं। भारतीय महिलाओं में उनके आगे मिताली राज (89) का नंबर आता है। पुरुष क्रिकेटरों में केवल शोएब मलिक (111) ही 100 से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल पाए हैं।
हरमनप्रीत कौर नाम टी20 क्रिकेट में 2000 रन भी हैं। वे मिताली राज के बाद भारत की दूसरी महिला क्रिकेटर हैं, जिन्होंने टी20 करियर में 2000 रन बनाए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुक्रवार को छठे टी20 मैच में चौके के साथ उन्होंने 2000 रन पूरे किए।












