मौसम अपडेट : भारी बारिश से फिर थमी मुंबई की रफ्तार, ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी

मुंबई/नगर संवाददाता : मुंबई। मुंबई में फिर से भारी बारिश की शुरुआत हो गई है। रुक-रुककर हो रही बारिश ने लोगों के लिए परेशानियां बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने से भारी जाम लग गया है। बीते 24 घंटों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने 6 सितंबर तक मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी है, जबकि दोपहर में हाईटाइड का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने 6 सितंबर तक मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 6 सितंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। दोपहर 2.41 पर हाईटाइड आ सकता है, साथ ही 4.54 मीटर तक की लहरें उठ सकती हैं, जिनके लिए अलर्ट भी जारी किया गया है। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है और बीईएसटी बसों का रूट भी डायवर्ट किया गया है।

सोमवार से मंगलवार तक मुंबई उपनगर में 131.4 एमएम बारिश दर्ज हुई, जो इस महीने में होने वाली पिछले 7 सालों की तीसरी बड़ी बारिश है। अगले 48 घंटे तक मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने बुधवार को स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। हार्बर लाइन पर ट्रेनें लेट चल रही हैं और कुछ ट्रेनें कैंसल भी की गई हैं।

गणपति महोत्सव के कारण मुंबई में लोग काफी तादाद में सड़कों पर हैं, जिनकी बारिश के कारण मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। मुंबई में बीते 24 घंटों में भारी बारिश हुई। एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग में 5 मिनट और रवानगी में 16 मिनट की देरी हो रही है। ऊंची लहरों के मद्देनजर बीएमसी ने लोगों को समुद्र के पास न जाने की चेतावनी दी है।

शनिवार तक मुंबई ठाणे, पालघर और रायगढ़ में बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है। इसी तरह बारिश होती रही तो इस साल सितंबर अंत तक उपनगर में 3 हजार एमएम के पार तक बारिश का आंकड़ा पहुंच सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here