हरियाणा में फिर खट्टर सरकार, दिवाली पर लेंगे शपथ

चंडीगढ़/नगर संवाददाता : हरियाणा में शनिवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में मनोहर लाल खट्टर को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। वह रविवार को दोपहर 2 बजे शपथ लेंगे।

इससे पहले जननायक जनता पार्टी ने शनिवार को राज्यपाल से मिलकर समर्थन का पत्र सौंप दिया। इस तरह जेजेपी और निर्दलीयों के समर्थन से खट्टर सरकार की ताजपोशी तय हो गई।

नई सरकार में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर होंगे जबकि डिप्टी सीएम का पद जेजेपी के खाते में गया है। हालांकि यह साफ नहीं है कि दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री बनेंगे या नहीं। शपथ ग्रहण समारोह दिवाली के बाद होने की संभावना है।

शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दुष्यंत चौटाला, मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा प्रभारी अनिल जैन से बैठक के बाद जेजेपी से गठबंधन की घोषणा की। आज विधायक दल की बैठक के बाद सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। खट्टर आज ही राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

हालांकि भाजपा का समर्थन करने पर जेजेपी में विरोध के स्वर भी देखे गए। करनाल से चुनाव लड़े तेज प्रकाश ने पार्टी छोड़ दी। बताया जा रहा है कि वह जेजेपी के इस फैसले से नाराज हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में हरियाणा में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 40 सीटें जीती थी और उसे सरकार बनाने के लिए 6 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता थी। भाजपा ने सरकार बनाने के लिए पहले निर्दलीयों को साधा और फिर जेजेपी को भी राजी कर लिया। इस तरह भाजपा के पास अब 57 विधायकों का समर्थन है।

अगर भाजपा सिरसा से विधायक गोपाल कांडा का समर्थन भी ले लेती है तो पार्टी के पास 58 विधायकों का समर्थन होगा। हालांकि वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती की आपत्ति के बाद माना जा रहा है कि भाजपा उनका समर्थन नहीं लेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here